October 17, 2026

मां के पट खुलते ही उमड़ा आस्था का जनसैलाब, जयकारों से गूंज उठा चंपारण

0
WhatsApp Image 2026-10-17 at 17.34.37

मां के पट खुलते ही उमड़ा आस्था का जनसैलाब, जयकारों से गूंज उठा चंपारण

शारदीय नवरात्र की सप्तमी पर मां कालरात्रि की आराधना, पूजा पंडालों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़; सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क

दैनिक समाचार भारत नीरज कुमार

मोतिहारी।शारदीय नवरात्र की सप्तमी तिथि पर शनिवार को मां दुर्गा के पट खुलते ही पूरा जिला भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा। जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड मुख्यालयों और गांवों तक स्थित विभिन्न पूजा पंडालों एवं मंदिरों में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। मां दुर्गा की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। माता के जयकारों और वैदिक मंत्रोच्चार से वातावरण गुंजायमान हो उठा।

नौ दिनों तक चलने वाली नवरात्र पूजा के सातवें दिन मां दुर्गा के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि की विधि-विधानपूर्वक आराधना की गई। श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य, शांति और खुशहाली की कामना की। सुबह से ही पूजा पंडालों में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिन चढ़ने के साथ लगातार बढ़ता गया। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों में मां के दर्शन को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।

रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट और भक्ति संगीत से सजे पूजा पंडालों ने पर्व की रौनक बढ़ा दी है। नवरात्र के पहले दिन कलश स्थापना और मां शैलपुत्री की पूजा से शुरू हुआ यह नौ दिवसीय अनुष्ठान ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता और कात्यायनी की आराधना के बाद सप्तमी पर मां कालरात्रि की पूजा तक पहुंचा है। आगे महागौरी की पूजा और महानवमी के अनुष्ठानों के साथ भक्तिमय उत्सव अपने चरम पर पहुंचेगा।

इधर, दुर्गापूजा के दौरान शांति, सौहार्द और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु आवागमन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। आस्था और विश्वास के इस महापर्व ने एक बार फिर चंपारण की धरती को भक्ति के रंग में रंग दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *