महिलाओं की ताकत से बदलेगी समाज की तस्वीर, चंद्रा लाइफलाइन फाउंडेशन का भव्य आगाज
स्वास्थ्य, शिक्षा और आत्मनिर्भरता से नारी सशक्तीकरण का संकल्प; हजारों महिलाओं की मौजूदगी में गूंजा ‘जय हिंद, जय बिहार’
नीरज कुमार
दैनिक समाचार भारत
मोतिहारी।महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की पहल के साथ शनिवार को बेलबनवा स्थित चंद्रा लाइफलाइन हॉस्पिटल परिसर में चंद्रा लाइफलाइन सोशल वेलफेयर फाउंडेशन का विधिवत शुभारंभ हुआ। हजारों महिलाओं की मौजूदगी में आयोजित समारोह में महिला सशक्तीकरण को सामाजिक परिवर्तन की मजबूत नींव बनाने का संकल्प लिया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. स्वस्ति सिन्हा और विशिष्ट अतिथि डॉ. विनीता वर्मा ने संस्था की पहल की सराहना की। निदेशिका डॉ. हेना चंद्रा ने कहा कि महिलाओं की समस्याएं केवल स्वास्थ्य तक सीमित नहीं हैं। शिक्षा, आर्थिक आत्मनिर्भरता, सामाजिक सम्मान और समान अवसर भी उतने ही जरूरी हैं। परिवार की जिम्मेदारियां निभाने वाली अनेक महिलाएं अपनी जरूरतों और सपनों को पीछे छोड़ देती हैं। आर्थिक अभाव बेटियों की प्रतिभा के रास्ते में भी बाधा बनता है।
उन्होंने कहा कि फाउंडेशन जरूरतमंद महिलाओं और परिवारों तक स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा एवं कौशल विकास के अवसर पहुंचाएगा। संस्था का ध्येय वाक्य ‘Empowering Women, Building a Brighter Tomorrow’ है। उन्होंने कहा कि सशक्त महिला से मजबूत परिवार और मजबूत परिवार से सशक्त समाज बनता है।
समारोह में नलिनी श्रीवास्तव, निशा जी, अंशु ठाकुर, सबिता सिंह, अधिवक्ता रूपम राज और प्रियंका सिंह सहित कई महिलाओं ने विचार रखे। मां दुर्गा की आरती और झिझिया गीत के बीच समारोह का समापन ‘जय हिंद, जय बिहार’ के उद्घोष से हुआ।
